शादी का झांसा देकर बनाए संबंध, रेप की एफआईआर
साइबर कैफे में मुलाकात हुई थी दोनों की
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
शिवकुटी के गोविंदपुर इलाके में रहने वाले एक युवक ने छात्रा को शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बना लिया। जब लड़की ने शादी का दबाव बढ़ाया तो युवक अपने गांव भाग निकला। मोबाइल पर उसने धमकी दी कि अगर पुलिस से शिकायत की तो बर्बाद कर देगा। छात्रा ने युवक के खिलाफ धमकी और रेप का मुकदमा दर्ज करा दिया है।
नैनी की रहने वाली एक छात्रा शहर में एक कॉलेज से बीए कर रही थी। 2014 में एक साइबर कैफे में उसकी मुलाकात गोविंदपुर के रहने वाले अतुल यादव से हुई। मूल रूप से बबेरू टीचर्स कालोनी बांदा का रहने वाला अतुल यहां रहकर प्राइवेट जॉब कर रहा था। छात्रा और अतुल की दोस्ती साइबर कैफे से शुरू हुई फिर दोनों बाहर भी मिलने लगे। अतुल ने छात्रा से वादा किया कि वह उससे शादी करेगा। छात्रा को झांसे में लेकर उसने शारीरिक संबंध भी बना लिए। इसके बाद जब छात्रा शादी की बात करती तो अतुल कोई न कोई बहाना बना देता। इसी बात को लेकर दोनों के संबंध बिगड़ने लगे। पिछले महीने जून की शुरुआत में ही अतुल इलाहाबाद से वापस बांदा चला गया। छात्रा के पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने फोन पर संपर्क किया तो अतुल धमकाने पर उतर गया। कहा कि वह शादी नहीं कर पाएगा। छात्रा ने घर वालों से बात की। उन लोगों ने बेटी का साथ दिया और मंगलवार को शिवकुटी थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर केके शर्मा ने बताया कि रेप और धमकी की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अतुल की तलाश में पुलिस टीम जल्द ही बांदा जाएगी।