बाजार में बिक रहा बच्चों का पोषाहार
0 जसरा के चामू गांव के एक घर में बोरी में मिले पैकेट, मांगा जवाब
इलाहाबाद। बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए बंटने वाला पोषाहार बाजार में बिक रहा है। इस तरह का मामला रविवार को जसरा के चामू गांव में सामने आया है। गांव के एक परिवार के पास से बोरी में पोषाहार के पैकेट मिले। उसकी अवधि भी खत्म हो गई थी। बोरी सील कर बाल विकास परियोजना अधिकारी को सौंप दिया गया। उन्हें नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण भी मांगा जाएगा।
जहरीली शराब पीने से एक व्यक्ति की मौत की सूचना से सकते में आए प्रशासन ने बारा क्षेत्र में कई जगहों पर छापेमारी की। हालांकि अफसरों का दावा है कि इस दौरान कच्ची शराब बनाए जाने का मामला तो सामने नहीं आया लेकिन एक घर से मध्य प्रदेश की शराब की बोतल जरूर मिली। इसके अलावा एक घर में मटके में महुआ भी मिला। इसी दौरान पोषाहार के बिक्री का मामला भी सामने आया। एक घर से दो बोरी में भरे पोषाहार के पैके मिले। उसे खाने की अवधि अप्रैल में खत्म हो चुकी थी। घर में मौजूद एक महिला का कहना था कि उसने पशुओं को खिलाने के लिए उसे खरीदा था। इस तरह से पोषाहार के पैकेट मिलने से कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। इसके बाजार में बिक्री की आशंका बन गई है। एसडीएम बारा अर्पित गुप्ता ने बताया कि पैकेट सील करके बाल विकास परियोजना अधिकारी को सौंप दिया गया। इसकी जांच कराई जा रही है। बाल विकास परियोजना अधिकारी को भी नोटिस जारी करके जवाब मांगा जाएगा।