भारतीय स्टेट बैंक की मीरगंज शाखा में चोरों ने रविवार रात नकब लगाकर स्टॉग रूम के ताले तोड़ने की कोशिश की। कामयाबी नहीं मिली तो चोर दो कंप्यूटर और पांच स्पीकर चोरी कर ले गए। सुबह लोगों की सूचना पर शाखा प्रबंधक और सीओ जगमोहन सिंह मौके पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन कर शाखा प्रबंधक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना की वजह से बैंक का कामकाज घंटों बाधित रहा।
मीरगंज में मुख्य मार्ग पर स्टेट बैंक की शाखा है। रविवार को अवकाश होने के चलते शाखा बंद थी। सुबह करीब नौ बजे कैंटीन संचालक प्रेमपाल ने बैंक पहुंचकर ताले खोले तो सारे कागजात बिखरे पड़े थे। पीछे दीवार में कूमिल लगा देखा तो शाखा प्रबंधक कपिल कुमार को दी। प्रबंधक की सूचना पर क्राइम ब्रांच के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार भारद्वाज टीम के साथ मौके पर पहुुंचे और तहकीकात की। सीओ जगमोहन सिंह बुटोला भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
शाखा प्रबंधक कपिल कुमार ने बताया कि चोर दो कंप्यूटर और पांच स्पीकर चोरी कर ले गए। चोरों ने स्ट्रांग रूम में रखी तिजोरी तोड़ने की भी कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। शाखा प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सीसीटीवी कैमरों पर लगा दिया था पेपर
नकब लगाकर बैंक में घुसे चोरों को पता था कि वहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। उन्होंने घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद न हो इसलिए कैमरे पर पेपर लगा दिए।