सिविल लाइंस में दिवाली की आधी रात वाहन चेकिंग के दौरान जमकर हंगामा हुआ। पेट्रोल के सामने दो-तीन लक्जरी गाड़ियां खड़ी देख पुलिस ने रोका तो कार में बैठे लोग भागने लगे। कुछ लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों की तरफ से स्थानीय पार्षद आ गए। समर्थकों को छुड़ाने को लेकर पार्षद समर्थकों और पुलिस में नोंकझोंक होने लगी। सूचना पाकर एसपी सिटी समेत कई थानों की फोर्स आ गई। पार्षद के खिलाफ सरकारी काम में बाधा, मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
सिविल लाइंस में दीवाली की रात लगभग सवा बजे पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी पेट्रोल पंप के पास कार में कुछ लोगों को देखकर पुलिस पहुंची। पुलिस देखकर कार में बैठे लोग उतरकर भाग निकले। उनमें कुछ युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही थी। तभी स्थानीय पार्षद अमित सिंह उर्फ बबलू फनटाइन समर्थकों के साथ आ गए। पकड़े गए लोगों को छोड़ने का दबाव बनाने लगे। इसे लेकर पार्षद की पुलिस से नोंकझोंक होने लगी। हंगामे की सूचना पाकर एसपी सिटी विपिन टाडा समेत कई थानों की फोर्स आ गई लेकिन तब तक हंगामा कर रहे लोग भाग निकले। पुलिस ने पार्षद के घर छापा मारा लेकिन वहां कोई नहीं मिला। पुलिस पार्षद के भांजे समेत दो लोगों को पकड़कर थाने ले गई। बाद में उनका शांति भंग में चालान कर दिया। वहीं पार्षद पक्ष का कहना था कि पुलिस जबरन गाड़ी में बैठे हुए लोगों को पकड़कर ले जा रही थी। इसका विरोध करने पर गालीगलौज करने लगे।