इविवि के सर सुंदरलाल हॉस्टल के अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र राय के बेली कॉलोनी स्थित निवास पर मंगलवार दोपहर बम से हमला किया गया। बम धमाके से कोई खास क्षति नहीं हुई लेकिन मुहल्ले में लोग घबरा गए। शक है कि हॉस्टल में कमरा खाली कराने पर धमकाने के इरादे से हमला यह हमला किया गया है। कैंट थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
अधीक्षक डॉ.शैलेंद्र राय का निवास बेली गांव स्थित टीचर्स कॉलोनी में है। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे बाइक सवार दो युवक उनके घर के पास पहुंचे और गेट के निकट बम पटककर भाग गए। धमाके से खलबली मच गई। जहां बम फटा वहां काला निशान पड़ गया। उस वक्त अधीक्षक डॉ.शैलेंद्र विश्वविद्यालय में थे। खबर पाकर कैंट थाने की पुलिस पहुंची। अधीक्षक ने अंदेशा जताया कि हॉस्टल में ठहरे अवैध छात्रों से कमरा खाली कराया गया था। हो सकता है कि उनमें से ही किसी ने यह करतूत की।