Crime branch will investigate aditya death case
- फोटो : CITY DESK
पूर्व इविवि छात्रसंघ अध्यक्ष की स्कार्पियो से रौंदकर बीएचएस के छात्र की मौत का मामला
घर वालों को शक, हादसे में और लोग भी शामिल
सड़क दुर्घटना रोकने के कैंडिल मार्च निकालेंगे परिजन और बीएचएस के छात्र
प्रयागराज। पोलो ग्राउंड के पास 10 नवंबर को बीएचएस के छात्र आदित्य भार्गव की सड़क हादसे में मौत की विवेचना क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। दरअसल, घर वालों को शक है कि गाड़ी पर और लोग भी शामिल थे। हादसे में उनकी भी भूमिका हो सकती है। घरवाले और बीएचएस के छात्र रविवार शाम सिविल लाइंस में सड़क हादसे रोकने के लिए कैंडिल मार्च निकालकर लोगों को जागरूक करेंगे।
लूकरगंज का रहने वाला आदित्य भार्गव बीएचएस में कक्षा 11 का छात्र था। 10 नवंबर को वह अपने दोस्तों से मिलने के लिए स्कूटी लेकर जा रहा था। पोलो ग्राउंड के पास तेज रफ्तार एसयूवी ने उसे टक्कर मार दी, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में धूमनगंज के रहने वाले हैदर अली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पता चला था कि गाड़ी विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष अवनीश यादव की थी। घटना वाले दिन अवनीश जेल में था। हैदर अली गाड़ी मांगकर ले गया था। हालांकि परिजन इससे संतुष्ट नहीं हैं। उन्हें आशंका थी कि एसयूवी में और लोग भी सवार थे। उनकी भी हादसे में भूमिका हो सकती है। पिता राजुल भार्गव ने बताया कि उन्होंने पुलिस के उच्चाधिकारियों को आशंका से अवगत कराया। उनके आदेश पर इस मामले की विवेचना क्राइम ब्रांच स्थानांतरित कर दी गई है।
राजुल भार्गव ने बताया कि हाई स्पीड गाड़ी से उनका परिवार तबाह हो गया। उन्होंने सड़क नियमों का पालन करने के लिए सोशल मीडिया पर अभियान चलाया। इसमें बीएचएस के छात्रों समेत शहर के तमाम लोगों का साथ मिला। रविवार की शाम सुभाष चौराहे से पत्थर गिरजा घर तक कैंडिल मार्च निकाला जाएगा। इसमें लोगों से अपील की जाएगी कि वे यातायात के नियमों का पालन करें ताकि कोई और घर बर्बाद न हो पाए।