झूंसी रेलवे स्टेशन के पास मिली युवती की लाश
बहरिया में कुएं में मिला विवाहिता का शव
प्रयागराज/झूंसी। जिले में अज्ञात युवतियों व महिलाओं के शव मिलने का सिलसिला जारी है। 24 घंटे के भीतर दो और शव मिले हैं जिनकी रात तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। इनमें से झूंसी रेलवे स्टेशन के पास युवती का शव मिला, जिसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। उधर बहरिया के नेवादा में कुएं के भीतर विवाहिता का शव पानी में उतराता मिला।
झूंसी रेलवे स्टेशन के आउटर पर रेलवे ट्रैक के किनारे शुक्रवार सुबह एक 20 वर्षीय युवती का शव मिला। टहलने निकले लोगों की नजर पड़ी तो वह सन्न रह गए। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो छींटदार कुर्ता और मटमैले रंग का सलवार पहने युवती की गला कसकर हत्या की गई थी। गुलाबी रंग के जिस कपड़े से गला कसा गया वह उसके गले में फंसा पाया गया। शव के पास में ही एक और डुपट्टा पड़ा हुआ था। युवती के दाहिने हाथ पर आरएम गुदा हुआ था। शव के पास ही एक पर्स भी पड़ा हुआ था। लोगों की सूचना पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भेज दिया। देर शाम तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। युवती के शव के पास पड़े पर्स से जीआरपी ने एक मोबाइल सेट भी बरामद किया है। मोबाइल के जरिए युवती के शव की शिनाख्त की कोशिश की जा रही थी। जीआरपी रामबाग इंसपेक्टर रघुवीर सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए टीम को लगाया गया है।
कुएं में उतराती मिली अज्ञात महिला की लाश
बहरिया(ब्यूरो)। थाना क्षेत्र के नेवादा गांव में कुएं में एक महिला की लाश दिखाई देने पर सनसनी फैल गई। सूचना पाकर बहरिया पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को बाहर निकाल कर अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रतापगढ़ की सीमा से लगे हुए नेवादा गांव में खेत की तरफ पुराना कुआं है। शुक्रवार की दोपहर में कुछ लोग उधर गए तो कुएं में एक करीब बत्तीस वर्षीय महिला की लाश उतराती दिखी। महिला नीले रंग का ब्लाऊज और लाल रंग का पेटीकोट पहने हुए थी। साड़ी नहीं थी। थोड़ी देर में वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। लेकिन लाश की पहचान नहीं हो पाई। ग्रामीणों की सूचना पर इंस्पेक्टर बहरिया भरत कुमार मौके पर पहुंचे और लाश को बाहर निकलवाया। अनुमान है कि महिला की हत्या कर के लाश कुएं में फेंक दी गई होगी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। लाश की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।
नौ दिन में मिले पांच शव
नौ दिन के भीतर जिले में चार युवतियों के शव मिलने से हड़कंप मचा है। साथ ही पुुलिस के भी होश उड़े हुए हैं। बता दें कि 21 अगस्त की सुबह उतरांव में हाईवे के बगल समोधीपुर गांव में 22 वर्षीय युवती का शव मिला था। सलवार-सूट पहने युवती के हाथ पीछे दुपट्टे से बंधे हुए थे। शव की हालत से साफ था कि उसकी हत्या की गई है। चार दिन बाद थरवई थाना क्षेत्र के मनसैता नदी में युवती का शव उतराया पाया गया। इस युवती ने भी सलवार-सूट पहन रखा था। इसी बीच बृहस्पतिवार को घूरपुर में युवती का शव मिला जिसकी शुक्रवार को शिनाख्त तो हुई। लेकिन हत्या की वजह साफ नहीं है। उधर शुक्रवार को झूंसी व बहरिया में दो और शव मिलने से सनसनी फैल गई।
रिटायर्ड सूबेदार की बेटी की थी घूरपुर में मिली लाश
घूरपुर। क्षेत्र के इरादतगंज ओवरब्रिज के नीचे हत्या करके फेंकी गई युवती की पहचान शुक्रवार शाम फतेहपुर जनपद से गायब युवती के रूप में की गई। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे उसके पति ने उसकी पहचान की और आरोप लगाया कि कीडगंज के रहने वाले बबलू यादव नामक युवक ने उसकी हत्या की है। मृतका ने दो साल पहले घर से भागकर प्रेम विवाह किया था। वह रिटायर्ड सूबेदार की बेटी है। हालांकि पुलिस ने शक के आधार पर शिनाख्त करने वाले पति को हिरासत में ले लिया है।
29 अगस्त की सुबह इरादतगंज ओवरब्रिज के नीचे एक युवती का शव मिला था। जिसकी पहचान शुक्रवार शाम सरिता यादव उर्फ बीना यादव (25) पत्नी ओंकार सोनकर निवासी कीर्ति खेड़ा, ललौली, फतेहपुर के रूप में गई। मर्चरी पहुंचे ओंकार ने बताया कि उसने कानपुर देहात के अकबरपुर निवासी अशोक कुमार यादव सेवानिवत्त सूबेदार की 25 वर्षीय बेटी सरिता से दो वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। वह बीएससी की छात्रा थी। एक वर्ष पूर्व ओंकार उसे लेकर कीडगंज क्षेत्र में रहने लगा। जहां सरिता का परिचय बालू का कारोबार करने वाले बबलू यादव से हो गया। भनक लगने पर ओंकार उसे लेकर गांव वापस लौट गया। लेकिन चार मार माह पूर्व बीना भागकर कीडगंज आ गई और बबलू के पास रहने लगी। ओंकार का आरोप है कि रक्षाबंधन पर सरिता उसके पास आई थी। साथ ही बताया कि बबलू ने उसका गर्भपात करा दिया। लेकिन वह ससुराल से फिर अचानक गायब हो गई। पहले तो वह उसे खोजता रहा और जब कोई सुराग नहीं लगा तो वह दो दिन पूर्व यहां पहुंचा और उसका पता लगाने लगा। इस बीच जार्जटाउन में बबलू के साथ काम करने वाले कुछ लोगों ने बताया कि बीना तीन दिन पूर्व दिखाई दी थी। उसके बाद से वह लापता है। शुक्रवार दोपहर बाद उसे खोजते हुए ओंकार सोनकर चीरघर पहुंचा और वहां लावारिस हालत में मिले युवती का शव देखा तो पहचान गया। घूरपुर पुलिस ने ओंकार सोनकर को हिरासत में ले लिया है। मृतका के मायके पक्ष से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में कानपुर के ललौली थानाध्यक्ष जनपद फतेहपुर ने बताया कि ओंकार और उसकी पत्नी बीना के बीच कई बार झगड़ा हुआ। उन दोनों को कई बार समझाया लेकिन वह नहीं माने।