कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने 20 मार्च को हुई दिल्ली पुलिस सब इंसपेक्टर, सीपीओ-एसआई एवं सीआईएसएफ में एएसआई की परीक्षा-2016 निरस्त कर दी है। आयोग ने प्रश्नपत्र आउट होने की सूचना पर मामले को स्वत: संज्ञान लेते हुए परीक्षा निरस्त करने के साथ नई परीक्षा की तिथि पांच जून घोषित की है। आयोग की ओर से पांच जून को सीपीओ-एसआई दूसरे चरण की परीक्षा होनी थी। आयोग की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि 20 मार्च को हुई परीक्षा में दोपहर बाद हुई परीक्षा का प्रश्नपत्र आउट होने की सूचना मिलने पर आयोग ने दोनों पालियों की परीक्षा निरस्त कर दी है।
आयोग की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि 20 मार्च को हुई परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी ही दोबारा परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। एसएससी की ओर से हुई इस परीक्षा में पूरे देश में लगभग सात लाख परीक्षार्थी पंजीकृत थे, इसमें 50 फीसदी ही शामिल हुए थे। इस प्रकार अब दोबारा परीक्षा में लगभग साढ़े तीन लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। एसएससी मध्य क्षेत्र के निदेशक जेपी गर्ग ने बताया कि उनके रीजन में 1.73 लाख परीक्षार्थी पंजीकृत थे, इसमें आधे परीक्षा में शामिल हुए थे। अब दोबारा होने वाली परीक्षा में 87 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे।