नैनी। मिर्जापुर राजमार्ग स्थित एडीए मोड चौराहे के पास बुधवार देर रात सफाई के लिए निगम प्रशासन द्वारा नाले के तोड़े गए स्लैब के कारण एक गाय नाले में गिर गई। बृहस्पतिवार सुबह लोगों ने नाले में गाय को गिरा देखा तो इसकी जानकारी नगर निगम को दी। लेकिन, सूचना के काफी समय बाद तक टीम के न पहुंचने पर लोगों ने स्वयं ही गाय को किसी तरह बाहर निकाला। बीते मंगलवार को भी एक युवक टूटे स्लैब के कारण नाले में गिरकर चोटिल हो गया था। मामले में जोनल अधिकारी जोन पांच अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि निगम के निर्माण विभाग द्वारा नाले को कवर कराया जाता है। यह कार्य निर्माण विभाग का है। मुझे इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। लेकिन, तोड़े गए नाले को स्लैब को विभाग द्वारा बंद कराया जाएगा।