यह है पूरा मामला
मामला प्रयागराज के बहरिया थाना क्षेत्र का है। 30 जुलाई को बहरिया बाजार धमौर मोड़ के पास मार्केट पर कब्जा करने को लेकर मऊआइमा से जिला पंचायत सदस्य अभिषेक यादव और गमरहटा निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य शशिकांत यादव और दोनों के समर्थक भिड़ गए थे। दोनों पक्षों के बीच जमकर गोलियां चलीं।
गोली लगने से शशिकांत के पक्ष के सारीपट्टी निवासी मुलायम यादव की मौत हो गई थी। जबकि, अभईपुर निवासी बीडीसी सदस्य जितेंद्र यादव की जांघ में गोली लगने से वह घायल हो गए थे। मुलायम के पिता रामा यादव की तहरीर पर जिला पंचायत सदस्य अभिषेक यादव, उनके भाई वीरसेन यादव और चाचा गजराज यादव समेत 10 के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। गोलीबारी की इस घटना में जख्मी आलोक यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने नामजद गजराज यादव व राहुल यादव और विवेचना में नाम प्रकाश में आने पर सुनील कुमार, मुकेश कुमार यादव, राघवेंद्र सिंह, रिजवान को जेल भेज दिया था। वहीं, पुलिस ने मऊआइमा के मोहम्मदपुर सराय अली गांव निवासी अजय कुमार मौर्या की तहरीर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य गमरहटा निवासी शशिकांत यादव, उसके भाई सुरेंद्र कुमार यादव, अभईपुर निवासी बीडीसी सदस्य जितेंद्र यादव सहित नौ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।