बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पद का चुनाव परेश मिश्र जीत गए हैं। परेश को कुल 16 वोट मिले हैं, जबकि उपाध्यक्ष के पद पर हुए मुकाबले में मधुलिका यादव 15 मत पाकर निर्वाचित हुईं हैं। दोनों पदों पर दो-दो प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ, जबकि अध्यक्ष पद पर तीन उम्मीदवारों ने पर्चे वापस ले लिए थे। बार कौंसिल के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के वार्षिक चुनाव हेतु अध्यक्ष पद पर परेश मिश्र, श्रीनाथ त्रिपाठी, बलवंत सिंह, रोहिताश्व अग्रवाल और हरिशंकर सिंह ने दावेदारी पेश की थी।
बाद में बलवंत, रोहिताश्व और हरिशंकर ने अपने पर्चे वापस ले लिए। मुकाबला परेश मिश्र और श्रीनाथ त्रिपाठी के बीच हुआ। परेश मिश्र के पक्ष में कुल 16 मत पड़े, जबकि श्रीनाथ को नौ वोट मिले। इसमें एक मत अमान्य हो गया। इसी प्रकार से उपाध्यक्ष पद के लिए मधुलिका यादव और कुमारी दरवेश सिंह के बीच मुकाबला हुआ। मधुलिका के पक्ष में 15 तथा दरवेश सिंह को 10 मत मिले। एक मत अमान्य हो गया। मतदान में बार कौंसिल के कुल 25 सदस्यों और मानद सदस्य महाधिवक्ता विजय बहादुर सिंह ने हिस्सा लिया। इस प्रकार से कुल 26 मतदाताओं ने वोट डाले। परेश मिश्र बार कौंसिल में पहली बार सदस्य हुए हैं वह सबसे युवा सदस्य हैं तथा प्रथम वरीयता के सर्वाधिक मत पाकर चुने गए थे। उनके निर्वाचन पर बार कौंसिल के पूर्व उपाध्यक्ष आईके चतुर्वेदी ने बधाई दी है।