इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक पूर्व सैनिक सरदार रेशम सिंह और उनके परिवार की महिलाओं के साथ पुलिस उत्पीड़न के मामले में गहरी नाराजगी जताई है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हाईकोर्ट ने यूपी के डीजीपी से उनका व्यक्तिगत हलफनामा मांगा है। पूर्व सैनिक ने पुलिस पर खुद और परिवार की महिलाओं की बेरहमी से पिटाई किए जाने का आरोप लगाया है। सैनिक का कहना है कि 3 मई को पीलीभीत से लखीमपुर खीरी जाते समय पुलिस ने रास्ते में रोककर उनके व परिवार के साथ बेरहमी से मारा-पीटा है।
पूर्व सैनिक ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई किए जाने और इंसाफ दिलाए जाने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। जस्टिस सूर्य प्रकाश केसरवानी और जस्टिस गौतम चौधरी की खंडपीठ ने इस याचिका पर सुनवाई की। मामले में कोर्ट ने की तल्ख टिप्पणी की और कहा कि पुलिस पर याचिका में लगा आरोप बहुत खेदजनक स्थिति को दर्शाता है।
कोर्ट ने एडवोकेट जनरल को इस मामले में पेश होकर कोर्ट की मदद करने को कहा है। रेशम सिंह अपनी मां और दो बहनों के साथ 3 मई को पीलीभीत से लखीमपुर खीरी अपने दिवंगत जीजा के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिवार के साथ जा रहे थे। पुलिस उत्पीड़न की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। इस मामले की अगली सुनवाई कोर्ट 12 जुलाई को करेगी।