इलाके के जमुआ गांव के सामने बेकाबू टेंपो की चपेट में आने से बाइक सवार दंपती और आशा कार्यकर्ता घायल हो गए। वहीं साथ में जा रही दो साल की बेटी की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल मेजा सीएचसी ले आए। जहां चिकित्सकों ने दंपती को शहर के लिए रेफर कर दिए, जबकि बेटी को मृत घोषित कर दिया।
आशा कार्यकर्ता मालती देवी का इलाज एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सक डॉ. सुरेश सोनकर ने बताया कि दुर्घटना में महिला का दाहिना हाथ कट गया है। मेजा थाना क्षेत्र के कुर्की कला गांव के अशोक चौहान (35) की बेटी लक्ष्मी (2) सप्ताह भर से बुखार से पीड़ित थी। उसके इलाज के लिए अशोक चौहान अपनी पत्नी प्रीति चौहान (30) और गांव की आशा मालती देवी (32) को बाइक पर बैठाकर मेजा एक निजी अस्पताल ले आए थे।
बेटी लक्ष्मी का इलाज कराकर वह सोमवार शाम को घर लौट रहे थे कि जमुआ गांव के सामने सामने से आ रहे अनियंत्रित टेंपो ने टक्कर मार दिया, जिससे अशोक, उनकी पत्नी प्रीति, आशा मालती देवी और बेटी लक्ष्मी सड़क पर गिर गए।
प्रीति का दाहिना हाथ कट गया। वहीं अशोक और आशा कार्यकर्ता चोटिल हो गए। बेटी लक्ष्मी के सिर में गंभीर चोट आने से उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने जख्मियों को तत्काल सीएचसी मेजा ले आए। जहां चिकित्सकों ने घायल दंपती को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं चिकित्सकों ने बेटी लक्ष्मी को मृत घोषित कर दिया। मौके पर मेजा थाने के कोतवाल धनंजय पांडेय पहुंच दुर्घटना की जानकारी ली।