नौकरी के लिए दिए गए रुपये मांगने पर दंपती और बेटे की पिटाई का मामला सामने आया है। थाना अंतर्गत बलकरनपुर ठगहा निवासी विजय बहादुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपने बेटे के लिए नौकरी दिलवाने के लिए रैया गांव निवासी एक व्यक्ति को दो वर्ष पहले रुपए दिए थे। नौकरी न लगने पर भुक्तभोगी ने आरोपी से पैसा मांगा तो वह हीलाहवाली करता रहा। इसी बीच रविवार को आरोपी ने रुपये देने के लिए रैया गांव के निकट एक मंदिर के पास बुलाया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी चार पांच अज्ञात लोगों के साथ पहुंचकर भुक्तभोगी बाप-बेटे की जमकर पिटाई कर दी। दोनों किसी तरह जान बचाकर भाग आए। आरोप है कि सोमवार को भुक्तभोगी दंपती अपने बेटे के साथ तहसील परिसर से होते हुए सोरांव थाने जा रहे थे। तभी आरोपियों ने पुनः दंपती और उसके बेटे को जान से मारने की धमकी देते हुए पिटाई की। भुक्तभोगी ने सोरांव थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।