प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के रिक्त पदों की गणना शुरू करा दी गई है। इसके लिए सभी महाविद्यालयों को वैकेंसी ग्रिड पोर्टल पर रिक्त पदों की सूचना अपडेट करनी है। उच्च शिक्षा निदेशालय महाविद्यालयों के प्राचार्यों को 23 नवंबर को शाम चार बजे तक यह प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
संयुक्त निदेशक डॉ. केसी वर्मा की ओर से प्रदेश के सभी राजकीय स्नातक एवं स्नातकोत्तर महाविद्यालयाें के प्राचार्यों को पत्र जारी कर कहा गया है कि स्थानांतरण या सेवानिवृत्त होने से रिक्त होने वाले अथवा परिवर्तित होने वाले शिक्षकों एवं पद की सूचना को वैकेंसी ग्रिड पोर्टल पर अपडेट किए जाने के लिए पोर्टल खोल दिया गया है।
प्राचार्यों को स्वीकृत/रिक्त पदों को अपडेट करते हुए स्थानांतरित शिक्षकों को उनके विषय के अनुसार पोर्टल पर प्रदर्शित करना है और सेवानिवृत्त शिक्षकों को डाटा वैकेंसी ग्रिड पोर्टल से हटाते हुए 23 नवंबर को शाम चार बजे तक किसी भी स्थिति में पूर्ण कर लेना है।
पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अगर निर्धारित तिथि के बाद किसी महाविद्यालय के शिक्षकों की संख्या, वैकेंसी ग्रिड पोर्टल पर स्वीकृत पदों की संख्या/रिक्त पदों की संख्या में कोई त्रुटि पाई जाती है या किसी शिक्षक का डाटा त्रुटिपूर्ण पाया जाता है तो महाविद्यालय के प्राचार्य की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जो शिक्षक धारणाधिकार के तहत दूसरे कॉलेज में गए हैं और महाविद्यालय से कार्यमुक्त हुए हैं, उनका पद रिक्त नहीं दर्शाया जाएगा। वहीं, जो शिक्षक त्यागपत्र देकर कार्यमुक्त हुए हैं, उनका पद रिक्त दर्शाया जाएगा। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. ब्रह्मदेव ने बताया कि रिक्त पदों की संख्या के बारे में स्थिति स्पष्ट होने के बाद भर्ती के लिए अधियाचन भेज दिया जाएगा।