कहां गए सीवर सफाई के पांच करोड़ रुपये
पार्षदों के भारी हंगामे के बीच नगर आयुक्त साई तेजा ने अधिशासी अभियंता आशुतोष यादव से पूछा कि सीवर सफाई के लिए कितना बजट पास हुआ है। आशुतोष यादव ने बताया कि पांच करोड़ रुपये का बजट पास हुआ है। ऐसे में नगर आयुक्त ने आशुतोष यादव को 24 घंटे के भीतर सीवर सफाई की समुचित रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। नगर आयुक्त ने कहा कि एक हफ्ते में स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा और गड़बड़ी सामने आने पर ठेकेदार के साथ अधिशासी अभियंता पर भी एफआईआर दर्ज की जाएगी।
नाला सफाई पर चुप्पी
जहां एक तरफ सीवर लाइन को लेकर पार्षद हंगामा करते रहे। वहीं, नाला सफाई पर पार्षदों की चुप्पी देखने को मिली। नालों की सफाई न होने की वजह से चौतरफा जलभराव हो गया। इनमें कई मोहल्ले ऐसे भी हैं जहां पर पहली बार जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई। सदन में मलाकराज के पार्षद आकाश सोनकर के अलावा कुछ पार्षदों ने ही नाला सफाई का मुद्दा उठाया।