प्रयागराज के आसपास के जिलों के पांच लोगों में कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने इसकी पुष्टि की है। इसके अलावा दो संदिग्ध अवस्था में भर्ती किए गए हैं। साथ कोरोना ओपीडी में 150 से अधिक लोगों को देखा गया है।
मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि सोमवार को पहली शिफ्ट में 74 लोगों की जांच हुई। इसमें चित्रकूट के 19, प्रतापगढ़ 10, कौशांबी 15, फतेहपुर 20, मिर्जापुर के 10 नमूने शामिल थे। पॉजीटिव में चित्रकूट और प्रतापगढ़ के दो-दो, फतेहपुर का एक मरीज शामिल है।
उधर, बाहर से आ रहे मजदूरों की वजह से सोमवार को एसआरएन की कोरोना ओपीडी में 150 से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इसमें ज्यादातर लोग मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद, गुजरात सहित देश के दूसरे प्रदेशों से आए थे। कई सीधे जांच कराने पहुंच गए। सोरांव के मजदूर ने बताया कि वह भिवंडी से आया है।
घर पहुंचने के पहले ही यहां जांच कराने पहुंचा है। जांच कराने के बाद ही घर जाएगा। सुबह से ही ऐसे लोगों से ओपीडी में भीड़ लगी रही। दो लोगों में जुकाम, बुखार, खांसी की शिकायत के आधार पर कोरोना संदिग्ध वार्ड में भर्ती किया गया है। उनकी जांच के लिए नमूना मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबॉयोलॉजी भेजा गया है। मंगलवार को इनकी रिपोर्ट आएगी।
दोबारा जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव, फतेहपुर के एक और युवक में कोरोना
स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती भदोही के एक युवक की दोबारा कोरोना की जांच पॉजिटिव आई है। युवक मुंबई से गाड़ी चलाकर यहां आया था। उसे भर्ती कर जांच कराई गई। पॉजिटिव आने पर उसे आइसोलेट कर दिया गया। सोमवार को उसकी दोबारा जांच कराई गई। फिर रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा फतेहपुर के 22 वर्षीय युवक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
मुंबई से आए युवक के कोरोना संक्रमित होने की आशंका से मचा हड़कंप
अरैल के सच्चा बाबा नगर में पांच मई को आए एक युवक के कोरोना पॉजिटिव होने की आशंका से हड़कंप मच गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे ले जाकर कालिंदीपुरम स्थित क्वारंटीन सेंटर में ठहरा दिया।
अरैल के सच्चा बाबा नगर मोहल्ले का यह युवक मंबई में रहकर प्राइवेट काम करता था। वह मुंबई से पैदल चलकर ही अपने घर पहुंचा था। उसे 11 मई को सुबह से पेट दर्द व लूज मोशन की शिकायत थी। इससे पास-पड़ोस के लोगों को लगा कि वह कोरोना पॉजिटिव है सो लोग डर गए। पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना दी गई। देर शाम पहुंची स्वास्थ्य विभाग व पुलिस की टीम ने युवक को कालिंदीपुरम स्थित क्वारंटीन सेंटर पहुंचा दिया।