कोरोना महामारी से बचाव कार्यक्रम के तहत जरूरत पड़ी तो होटल के कमरों और हॉल में कोरोना पीड़ितों के लिए आइसोलेशन वार्ड बनाए जाएंगे। साथ ही होटल में विदेश यात्रा या विदेशी यात्रियों को एक फार्म भराया जाएगा, जिसमें घोषणा होगी कि संबंधित को कोरोना संक्रमण वाले लक्षण नहीं हैं। मौके पर कमरे में जाने से पहले यात्रियों का स्वास्थ्य भी जांचा जाएगा।
डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ, स्वास्थ्य विभाग के संग मंगलवार को प्रयाग होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन की बैठक में अध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने कोरोना पीड़ितों की संख्या बढ़ने पर होटल के हाल और कमरों में वार्ड बनाकर मरीज भर्ती करने की पहल की है। उन्होंने कहाकि निर्देशों का पालन कर ग्राहकों की सेहत का पूरा ख्याल रखा जाएगा।
सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेयी ने बताया कि अस्पतालों में आइसोलेशन वार्डों के अतिरिक्त 64 कमरों की व्यवस्था है। जिस तरह से लोग डरे हैं, ओपीडी में भीड़ बढ़ने से भविष्य में जरूरत पड़ सकती है। इस पर एसोसिएशन की तरफ से उन्हें वार्ड के लिए स्थान की कमी न होने देने का भरोसा दिलाया गया। बैठक में अध्यक्ष जोगिंदर सिंह, महामंत्री वरुण चड्ढा, विदुप अग्रहरि, राकेश राय, नरेश राय समेत बड़ी संख्या में होटल व्यवसायी और स्वास्थ्य विभाग के अफसर मौजूद रहे।