corona isolation ward with 20 ventilators ready
- फोटो : CITY DESK
दुनिया के साथ देश में कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। शनिवार को कोरोना आइसालेशन वार्ड को पूरी तरह वेंटिलेटर सहित अन्य जरूरी उपकरणों से सुसज्जित किया गया है। प्राचार्य डॉ.एसपी सिंह और स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के एसआईसी डॉ. एके श्रीवास्तव ने निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए। वार्ड को सैनिटाइज भी किया गया। आइसोलेशन वार्ड नंबर सात की प्रभारी डॉ.नीलम यादव ने बताया कि वार्ड के सभी 20 बेड पर वेंटिलेटर की सुविधा है। इसके अलावा ब्लडप्रेशर, हार्टबीट सहित अन्य जांच के लिए सभी बेड पर मॉनिटर लगाए गए हैं। वार्ड में तीन डिफ्रिबेलेटर, 16 इंफ्यूसन पंप के अलावा एबीजी मशीन, लेरिंगोस्कोप, ऑक्सीजन दिए जाने वाले उपकरण भी लगाए गए हैं।
शनिवार को वार्ड का निरीक्षण कर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि पूरी सुविधा उपलब्ध होने के कारण अब अब यहां कोरोना मरीजों को भर्ती किया सकता है। जल्दी ही वार्ड नंबर आठ को भी बीस बेड का आइसोलेट बनाकर वहां भी सभी सुविधा बहाल की जाएगी। वेंटिलेटर के साथ अन्य उपकरण लगाए जाएंगे। जिला प्रशासन की ओर से 10 वेंटिलेटर मुहैया कराने को कहा गया है। इसमें से तीन वेंटिलेटर, 10 मॉनिटर, 20 इंफ्यूजन यंत्र आ भी गए हैं। बाकी आने हैं। उन्हें वार्ड नंबर आठ में इंस्टाल किया जाएगा जिससे कि कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने पर उपचार में कमी न हो। उधर, स्वास्थ्य विभाग की ओर से बेली में भी आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं लेकिन वेंटिलेटर की व्यवस्था नहीं है। आपदा प्रबंधन के तहत पांच वेंटिलेटर स्थापित किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, ये वेंटिलेटर अभी आए नहीं है। कोरोना के नोडल प्रभारी डॉ.गणेश प्रसाद कहते हैं कि प्रक्त्रिस्या शुरू है। जल्दी ही वहां भी वेंटिलेटर इंस्टाल कराए जाएंगे।