इलाहाबाद के स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में मरीजों के लिए लगाए गए किराए के कूलरों को लगाने और फिर हटाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। लोगों ने जिला प्रशासन के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। मामले के तूल पकड़ने के बाद जांच के आदेश दे दिए हैं।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविववार को एसआरएन अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। सीएम को सब कुछ अच्छा दिखाने के लिए जिला प्रशासन ने सीएम के
दौरे से एक दिन पहले ही आनन-फानन में एक टेंट हाउस से 20 कूलर किराए पर मंगाए और अस्पताल में मरीजों के वार्ड में लगवा दिए।
शनिवार शाम से रविवार दोपहर तक कूलर लगे रहे लेकिन मुख्यमंत्री के जाने के तुरंत बाद किराए के कूलर हटवा कर टेंट हाउस में वापस भेज दिए गए। अब इस पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है।