थाना क्षेत्र अंतर्गत इंटवा रोड खीरी बाजार स्थित रमेश त्रिपाठी के निर्माणाधीन मकान में सुबह करीब 10 बजे ठेकेदार जितेंद्र कुमार चौहान उर्फ गुड्डू (40) का शव रस्सी से लटका मिला। परिजनों के अनुसार काम पर आए मजूदरों ने जितेंद्र के शव को रस्सी से उतारकर गांव ढेरहन पहुंचाया। जिसके बाद परिजन आक्रोश हो गए और शव को कोरांव-खीरी मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे बाद पुलिस के आश्वासन पर वह हटे। परिजनों ने मकान बनवा रहे रमेश पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
परिजनों का आरोप है कि मकान मालिक रमेश त्रिपाठी ने ठेकेदार की हत्या कर उसे फंदे से लटका दिया। बताया कि मकान का निर्माण दो वर्ष से चल रहा था और मकान मालिक ठेकेदार का लगभग 18 लाख रुपये का कर्जदार है। मकान मालिक रुपये देने में लगातार आनाकानी कर रहा था। जिसके चलते जितेंद्र बहुत परेशान था। शनिवार को शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मोहन सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों को पुलिस कर्मियों ने समझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना प्रभारी खीरी कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि मृतक के पिता ने मामले की तहरीर देकर मकान मालिक पर आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। मृतक जितेंद्र तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके दो बेटे जीत (15) व रंजीत (12) हैं।