एसआरएन अस्पताल में सिपाही अजय कुमार सिंह (52) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। रविवार सुबह करीब 11 बजे कुछ लोग उन्हें ई-रिक्शा से अस्पताल लेकर आए थे। उस समय अजय अचेतावस्था में थे। डॉक्टरों ने जांच की तो उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद अस्पताल लाने वाले लोग चले गए।
जांच में पता चला कि अजय मूलरूप से रायबरेली के थाना हरचंद्रपुर गांव कोरड़ा के रहने वाले थे। वह पुलिस लाइन में रहते थे। वह करीब दो हफ्ते से अवकाश पर थे। शनिवार को आमद कराने आए थे। छह साल से प्रयागराज में कोरांव समेत अन्य थानों में तैनात थे।
चर्चा है यह भी है कि वह निलंबित थे। कोतवाली थाना प्रभारी सुधीर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। सिपाही के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उन्हें अस्पताल लेकर आने वाले लोगों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है।