शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज कराने पर एक छात्रा को सोशल मीडिया पर बदनाम करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सिपाही ओमेंद्र परिहार ने छात्रा की आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दी।
इंस्टाग्राम पर उसके नाम से आईडी बनाकर आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पोस्ट की। छात्रा के भाई की तहरीर पर कैंट पुलिस ने सिपाही के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मूलरूप से हमीरपुर की रहने वाली छात्रा का परिवार कैंट इलाके में रहता है।
छात्रा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। आरोप है कि जालौन निवासी ओमेंद्र परिहार यूपी पुलिस में सिपाही है। करीब दो साल पहले वह बांदा कोतवाली में तैनात था। वह पीड़िता के भाई का दोस्त था इसलिए घर पर आना-जाना था। इसी दौरान दोनों की जान-पहचान बढ़ी।
आरोप है कि आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रखा और बताया कि उसके परिवार के लोग भी इस रिश्ते के लिए तैयार हैं। पीड़िता का दो जुलाई 2026 को उसका यूपीटीईटी का पेपर था। वह परीक्षा देने बांदा गई। आरोपी उसे परीक्षा केंद्र तक छोड़ने गया। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ संबंध बनाए। बाद में गर्भवती होने की जानकारी दी तो उसे गर्भपात कराने के लिए अस्पताल ले गया।
वहां दवा देने के बाद वह उसे अकेला छोड़कर चला गया। इसके बाद उसने 22 अक्तूबर को बांदा के नगर कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कराई। भाई का आरोप है कि बांदा में दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी ने परिवार के लोगों को जोड़कर व्हाट्सएप पर ग्रुप बनाया।
इसमें बहन के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो पोस्ट किए गए। इसके अलावा इंस्टाग्राम पर भी उसके नाम से आईडी बनाकर आपत्तिजनक सामग्री और रिकॉर्डिंग प्रसारित की गई। कैंट थाना प्रभारी अमरनाथ राय ने बताया कि एफआईआर दर्ज की गई है, जांच की जा रही है।