उनकी अनुपस्थिति में चस्पा कर दिया आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन
प्रयागराज। किसान जन जागरण अभियान के तहत मंगलवार को कांग्रेसियों ने कल्याणी देवी स्थित मेजा विधायक नीलम करवरिया के घर का घेराव किया। इस दौरान विधायक के न होने पर उन्होंने आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन उनके घर की दीवार पर चस्पा कर दिया। उधर, आशीष पांडेय के नेतृत्व में फाफामऊ विधायक विक्रमाजीत मौर्य के घर का घेराव किया गया।
किसान कांग्रेस कमेटी के राज्य कोआर्डिनेटर सुशील तिवारी की अगुवाई में विधायक के घर पहुंचे कांग्रेसियों ने ज्ञापन में छुट्टा पशुओं की समस्या, सरकारी नलकूपों की मरम्मत कराए जाने, क्रय केंद्र बनाए जाने, किसानों को समय पर खाद, बीज की उपलब्धता सुनिश्चित कराने, जरूरतमंदों को शौचालय आवंटित किए जाने, पीएम आवास योजना से लाभांवित किए जाने जैसी मांगें शामिल थीं। कांग्रेसियों ने कहा, ब्लॉक और तहसील स्तर के अधिकारियों को निर्देशित कर किसानों की समस्याओं का निराकरण कराया जाए।
कांग्रेसी प्रतिनिधिमंडल में शहर अध्यक्ष नफीस अनवर, कार्तिकेय मिश्रा, जितेंद्र कुमार, अल्पना निषाद, सिब्तेन बबलू, अंजुम नाज, संतोष त्रिपाठी आदि शामिल थे। उधर, विक्रमाजीत मौर्य के दरभंगा स्थित घर पहुंचे कांग्रेसियों ने विधायक की अनुपस्थिति में उनके पुत्र का अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर संदीप पांडेय, विनय शुक्ला, विनय शुक्ला, जैगम फारूखी, विवेक त्रिपेठी, विनोद त्रिपाठी, लाल जी तिवारी, नागेश्वर मिश्रा, धर्मेंद्र महेश्वरी, आरके पटेल, शुभम शुक्ला आदि मौजूद रहे।