अधिवक्ता नबी अहमद की जिला न्यायालय परिसर में हत्या की घटना को लेकर आंदोलन कर रहे वकीलों का महासम्मेलन शुक्रवार को होगा। आयोजन जिला अधिवक्ता संघ के हॉल में किया गया है। इसके मद्देनजर शुक्रवार को गेट पर होने वाली आम सभा स्थगित कर दी गई है। संघ के अध्यक्ष शीतला प्रसाद मिश्र और मंत्री देवेंद्र मिश्र नगरहा ने बताया कि सम्मेलन में शामिल होने के लिए प्रदेश के सभी अधिवक्ता संघों को न्यौता भेजा गया है।
बड़ी संख्या में लोगों ने समर्थन और शामिल होने का आश्वासन दिया है। सम्मेलन के आयोजन को लेकर बृहस्पतिवार को वरिष्ठ सदस्यों और पूर्व अध्यक्षों के साथ एक बैठक की गई जिसमें तैयारी को अंतिम रूप दिया गया है। इससे पूर्व जिला जज गेट पर वकीलों की आम सभा दिन में दो बजे तक चली। आम सभा मेें पुरानी मांगों को दोहराते हुए आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया है।