भाजपा सांसद केशरी देवी पटेल ने रविवार को प्रवासी श्रमिकों की सहायता के लिए शास्त्री पुल के निकट सरदार बल्लभ भाई पटेल शिविर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने वहां से गुजरने वाले प्रवासी श्रमिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल लिया। श्रमिकों को भोजन पैकेट, बिस्कुट, पानी उन्होंने उपलब्ध करवाया। साथ ही मास्क आदि देकर उन्हें बसों द्वारा गोरखपुर, देवरिया आदि स्थानों की ओर जाने वाली बसों से रवाना करवाया।
इस अवसर पर सांसद ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। कहा कि कांग्रेस पार्टी कंफ्यूज पार्टी है। इस वैश्विक महामारी से उत्पन्न संकट में कांग्रेस अपनी भूमिका ही नहीं तय कर पा रही। कांग्रेस ने प्रवासी श्रमिकों को लेकर देशभर में हंगामा करने का असफल प्रयास भी किया। जो निंदनीय है। इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा कि प्रवासी मजदूरों की सेवा करना हम सभी का फर्ज है। इस अवसर पर पूर्व विधायक दीपक पटेल, गुरु प्रसाद मौर्य, पार्षद सुनीता श्रीवास्तव, राजेश् निषाद, पवन श्रीवास्तव, राघवेंद्र कुशवाहा, विवेक जायसवाल आदि मौजूद रहे।