वोट चोरी के आरोपों और चुनाव आयोग के विरोध में कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को प्रयागराज में मशाल जुलूस निकाला। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी सचिव वरुण चौधरी के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने जुलूस में हिस्सा लिया।
वोट चोरी के आरोपों और चुनाव आयोग के विरोध में कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को प्रयागराज में मशाल जुलूस निकाला। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी सचिव वरुण चौधरी के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने जुलूस में हिस्सा लिया। जुलूस निर्धारित मार्ग से होते हुए सुभाष चौराहे तक पहुंचा।
विज्ञापन
इस दौरान वरुण चौधरी ने कहा कि यह मशाल जुलूस भाजपा की कथित वोट चोरी से बनी सरकार के विरोध में निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की मांग है कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते और उनकी गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल समेत कांग्रेस के नेताओं और सांसदों पर पुलिस कार्रवाई का आरोप लगाया। कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं और गांधी के विचारों को मानने वाले लोग हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में दिल्ली में पुलिस कार्रवाई के विरोध में ब्लैक डे मनाया गया है।
विज्ञापन
लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष मोना के हिरासत में लिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वहां भी शांतिपूर्ण धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने कार्रवाई की। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली की तरह उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दमन किया जा रहा है। वरुण चौधरी ने कहा कि कांग्रेस शांतिपूर्ण तरीके से अपना आंदोलन आगे बढ़ाएगी और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक सड़क पर संघर्ष जारी रहेगा।