सांसद श्यामाचरण गुप्त के घर बृहस्पतिवार शाम अचानक समर्थकों का मजमा लग गया। हर कोई उन्हें केंद्र में कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिलने की बधाई देने पहुंचा था। दरअसल किसी न्यूज चैनल पर केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार के संबंध में रिपोर्ट देखकर समर्थक वहां पहुंचे थे लेकिन ‘अमर उजाला’ से बातचीत में सांसद ने स्वयं इसका खंडन किया। कहा, न्यूज चैनल पर खबर चलने के बाद कई लोग बधाई देने घर पहुंचे लेकिन मेरे पास ऐसी कोई आधिकारिक सूचना नहीं है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल और उसमें नए चेहरों को शामिल करने के संबंध में कई न्यूज चैनलों पर बृहस्पतिवार दोपहर से जारी समाचारों में यूपी की हिस्सेदारी के सवाल पर इलाहाबाद के सांसद श्यामाचरण गुप्त एवं भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर के नाम पर चर्चा रही। न्यूज चैनलों में सांसद श्यामाचरण गुप्त का नाम मंत्रिमंडल में शामिल होने की खबर सुनते ही बालसन चौराहा स्थित उनके घर के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटने लगी। कई अखबारों के छायाकार भी पहुंचे। बधाई और फोटोग्राफी के बीच सांसद कुछ देर समर्थकों के साथ रहे। मौजूद समर्थकों का कहना था कि भाजपा की केंद्रीय कार्यकारिणी की दो दिनी बैठक की सफलता के लिए सांसद गुप्त को केंद्रीय नेतृत्व ने तोहफा दिया हैै। हालांकि सांसद गुप्त ने ऐसी किसी सूचना से इनकार कर दिया।
भाजपा के केंद्रीय मंत्री एवं संसदीय समिति के सदस्य थावर चंद्र गहलोत 17 जून को सुबह रीवांचल एक्सप्रेस से इलाहाबाद आएंगे। प्रवक्ता देवेंद्र नाथ मिश्र के मुताबिक सुबह साढ़े आठ बजे वह सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद सांसद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद सोनकर के आवास जाएंगे। 18 जून को कौशाम्बी में दिव्यांगों को सम्मानित करेंगे। साथ ही कई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे।