फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाईकोर्ट : अंतरिक्ष अपार्टमेंट एसोसिएशन का चुनाव आठ सप्ताह में कराएं, डीएम नामित करेंगे चुनाव अधिकारी

Wed, 25 Nov 2026 01:07 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गौतमबुद्धनगर स्थित अंतरिक्ष अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के प्रबंधन मंडल का चुनाव आठ सप्ताह के भीतर कराने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी आदेश की प्रमाणित प्रति मिलने के सात दिन के भीतर एसडीएम या उससे वरिष्ठ अधिकारी को चुनाव अधिकारी नामित करेंगे।
विज्ञापन
इलाहाबाद हाईकोर्ट। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गौतमबुद्धनगर स्थित अंतरिक्ष अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के प्रबंधन मंडल का चुनाव आठ सप्ताह के भीतर कराने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी आदेश की प्रमाणित प्रति मिलने के सात दिन के भीतर एसडीएम या उससे वरिष्ठ अधिकारी को चुनाव अधिकारी नामित करेंगे।

विज्ञापन


चुनाव अधिकारी की देखरेख में निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव कराया जाएगा। यह आदेश न्यायमूर्ति सिद्धार्थ वर्मा और न्यायमूर्ति कुनाल रवि सिंह की खंडपीठ ने सुबोध कुमार अग्रवाल की विशेष अपील पर दिया है। याची ने एकलपीठ के मई 2022 के अंतरिम आदेश को चुनौती देते हुए उप निबंधक के चुनाव कराने संबंधी आदेशों पर लगी रोक हटाने और एसोसिएशन के प्रबंधन मंडल का चुनाव कराने की मांग की थी। याची का दावा है कि अपार्टमेंट में पिछले चार साल से चुनाव नहीं हो रहे है।

कोर्ट ने पक्षों को सुनने के बाद कहा कि एसोसिएशन के प्रबंधन मंडल का कार्यकाल एक वर्ष है। उपनियमों के अनुसार हर वर्ष चुनाव होना चाहिए। पदाधिकारियों के बीच विवाद के कारण अनिश्चितकाल तक चुनाव टाले नहीं जा सकते। चुनाव कराने की प्रक्रिया पर अंतरिम आदेश से रोक भी नहीं लगाई गई थी। इसके बावजूद चुनाव नहीं कराए गए और सदस्यों की सत्यापित सूची भी तैयार नहीं हुई।
विज्ञापन


खंडपीठ ने निर्देश दिया कि चुनाव अधिकारी पहले अपार्टमेंट मालिकों की बैठक बुलाएंगे और सभी संबंधित दस्तावेजों की जांच कर मतदाता सूची तैयार करेंगे। अस्थायी मतदाता सूची चार सप्ताह में तैयार होगी। इस पर आपत्तियां सुनने के बाद अगले चार सप्ताह में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

इसके बाद अंतिम सूची तैयार होने से यथासंभव आठ सप्ताह के भीतर चुनाव कराया जाएगा। बकाया कॉमन एरिया खर्च के कारण अयोग्य होने वाले मालिकों को चुनाव में भाग लेने का अवसर देने के लिए बकाया जमा करने का संक्षिप्त मौका भी दिया जाएगा। कोर्ट ने कहा कि एसोसिएशन का पंजीकरण 10 मार्च 2021 से पांच वर्ष के लिए था, जो नौ मार्च 2026 को समाप्त हो चुका है। निर्वाचित प्रबंधन मंडल पंजीकरण के नवीनीकरण के लिए आवेदन करेगा। इन निर्देशों के साथ हाईकोर्ट ने विशेष अपील और मूल रिट याचिका का निस्तारण कर दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें