Complaint by female colleague to female consolidation worker, complaint
कटरा स्थित बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी कार्यालय में कार्यरत महिला कर्मचारी का सहकर्मी ने शोषण किया। अश्लील हरकतें तो की ही, बदनाम करने की नीयत से उसके बारे में गलत बातें लिखकर अफसरों को पत्र भी भेजा। विरोध पर गालीगलौज करते हुए जान से मारने को धमकाया। पीड़िता ने कर्नलगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
ड्रमंड रोड पर रहने वाली पीड़िता के पति का निधन हो चुका है। मंगलवार को उसने कर्नलगंज थाने की महिला हेल्प डेस्क में शिकायत दर्ज कराई। आरोप लगाया कि उसका एक सहकर्मी कार्यालय में कार्यरत महिला कर्मचारियों के बारे में गलत बातें करता था।
मना करने पर उसे ही अनुचित तरीके से देखने व बातें कहने लगा। पांच दिसंबर को उच्चाधिकारियों से लिखित शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद 11 दिसंबर को आरोपी ने अनुचित शोषण करने की कोशिश की और विरोध पर गालीगलौच, धमकी दी। अपने मकसद में कामयाब न होने पर उसके चरित्र के बारे में गलत बातें लिखकर तमाम अफसरों को पत्र भेज दिया।
पीड़िता का यह भी कहना है कि आरोपी उसके बारे में कार्यालय व घर के आसपास के लोगों से दुष्प्रचार कर रहा है। मामले में कर्नलगंज पुलिस ने बताया कि शिकायत मिली है। जांच की जा रही है।