प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के कुछ निर्णय प्रतियोगी छात्रों को रास नहीं आए और अब इसको लेकर विवाद बढ़ने लगा है। अभ्यर्थियों ने छह जनवरी को आयोग परिसर के सामने धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। साथ ही अभ्यर्थी इस मांग पर अड़े हैं कि आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रभात कुमार अभ्यर्थियों के सामने आकर स्थिति स्पष्ट करें।
शहर की तमाम डेलीगेसियों में रहने वाले सैकड़ों प्रतियोगी छात्र रविवार को मम्फोर्डगंज के सरस्वती पार्क में इकट्ठा हुए और बैठक की। इन दिनों एक मुद्दा चर्चा में है कि आयोग पीसीएस परीक्षा में शामिल होने के लिए निर्धारित आयु सीमा में कटौती और अवसर की बाध्यता लागू करने की तैयारी में है। प्रतियोगी छात्र आयु और अवसर पर किसी भी तरह के समझौते को तैयार नहीं हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि सोमवार को प्रतियोगी छात्र उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग का घेराव करेंगे। छात्रों को बताया किया प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्ण होगा और इसमें शामिल होने वाला प्रत्येक छात्र पेन और पुस्तक साथ लेकर पहुंचे।
सुबह दस बजे से होने वाले घेराव में प्रदेश भर से प्रतियोगी छात्र शामिल होंगे। छात्रों की प्रमुख रूप से चार मांगें हैं। आयु एवं अवसर की सीमा यथावत रहे। प्रारंभिक परीक्षा में 13 की जगह पूर्व की भांति 18 गुना अभ्यर्थियों को पास किया जाए, पीसीएस मेंस में समाजकार्य एवं रक्षा अध्ययन विषय को पुन: शामिल किया जाए और अवर अधीनस्थ की परीक्षा फिर से आयोग द्वारा आयोजित कराई जाए। अभ्यर्थी चाहते हैं कि आयोग के अध्यक्ष सामने आकर आयु एवं अवसर सीमा पर आयोग का रुख स्पष्ट करें ताकि प्रतियोगी छात्रों में किसी भी तरह से भ्रम की स्थिति न हो। बैठक में संदीप सिंह, आलोक सिंह, राज तिवारी, अखिलेश्वर वर्मा, वीरंद्र प्रजापति, शैलेश राय, पंकज सिंह, अजीत यादव आदि मौजूद रहे।
दो अतिरिक्त अवसर के लिए रक्षा मंत्री से मिले अभ्यर्थी
प्रयागराज। पीसीएस-2018 से हुए कई अहम बदलाव के कारण ओवरएज हो रहे प्रभावित प्रतियोगी छात्रों को दो अतिरिक्त अवसर दिए जाने की मांग को लेकर छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राजकुमार सोनी के नेतृत्व में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। रविवार को मम्फोर्डगंज के निगम चौराहे पर हुई प्रतियोगी छात्रों की बैठक में यह जानकारी दी गई। छात्रों को बताया गया कि राजनाथ सिंह ने कहा है कि अपने लखनऊ दौरे के दौरान वह मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें छात्रों की मांगों से अवगत कराएंगे। बैठक में इस बात की निंदा की गई कि आयोग आयु और अवसर सीमा में कटौती की तैयारी कर रहा है। बैठक में सिद्धार्थ मिश्र, इंद्र शेखर सिंह, मृत्युंजय सिंह, हरिनाम सिंह, राजीव त्रिपाठी, ज्ञानेंद्र पांडेय, विकास राणा, अजय सिंह आदि मौजूद रहे।