जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों और यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन सार्वजनिक शौचालय अब भी नहीं बन सका है। जबकि अमृत भारत स्टेशन योजना में चयनित इस महत्वपूर्ण जंक्शन पर रोजाना हजारों यात्रियों की आवाजाही होती है।
वाराणसी-प्रतापगढ़ रेलखंड पर स्थित जंघई जंक्शन से मुंबई, दिल्ली और कोलकाता सहित कई महानगरों के लिए यात्री ट्रेन पकड़ते हैं। स्टेशन पर प्रतिदिन करीब पांच से छह हजार यात्रियों का आवागमन होता है। स्टेशन की वार्षिक आय भी करीब 20 करोड़ रुपये होती है। ऐसे में यात्रियों को शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा नहीं मिलना सवाल खड़ा करता है।
वर्ष 2023 में जंघई जंक्शन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया गया था। स्टेशन के विकास के लिए करीब 90 करोड़ रुपये की योजना की बात कही गई थी। प्लेटफॉर्म विस्तार समेत कई कार्य कराए गए, जिससे यात्रियों को राहत तो मिली है। सार्वजनिक शौचालय का निर्माण अभी तक शुरू नहीं हो सका है।
मंगलवार को मुंबई से जंघई पहुंचे यात्री राधेश्याम, गंगेश, शिवानी, प्रतिभा मिश्रा, प्रमिला, सुनील कुमार और सुनीता देवी ने बताया कि इतनी लंबी यात्रा के बाद स्टेशन पर शौचालय की सुविधा नहीं मिलती। यात्रियों को आसपास या दूसरे स्थानों का सहारा लेना पड़ता है।
प्रस्तावित है शौचालय, निर्माण का इंतजार
प्लेटफॉर्म नंबर एक के पास सार्वजनिक शौचालय के लिए जगह प्रस्तावित है। दिसंबर 2024 में यहां करीब 15 लाख रुपये की लागत से सुलभ शौचालय बनाए जाने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी
महिला यात्रियों के लिए शौचालय का अभाव सबसे बड़ी समस्या है। बुजुर्ग महिलाओं और बच्चों के साथ यात्रा करने वाली महिलाओं को भी काफी परेशानी होती है। यात्रियों का कहना है कि स्टेशन के विकास और सुंदरीकरण के साथ शौचालय जैसी जरूरी सुविधा का निर्माण भी प्राथमिकता से कराया जाना चाहिए।
20 एक्सप्रेस और दो पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव
जंघई जंक्शन पर प्रतिदिन करीब 20 एक्सप्रेस और दो पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव होता है। करीब 16 ट्रेनें बिना रुके गुजरती हैं। वाराणसी से प्रयागराज, प्रतापगढ़ से वाराणसी और मड़ियाहू से प्रतापगढ़ जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह महत्वपूर्ण स्टेशन है।
जंक्शन स्टेशन जंघई परिसर में सार्वजनिक शौचालय के लिए जगह प्रस्तावित है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। शौचालय को पे एंड यूज के तहत संचालित किया जाएगा।- कोमल सिंह, स्टेशन अधीक्षक जंघई जंक्शन।