कमिश्नर ने हाईवे निर्माण कार्यों में निर्देशों के अनुरूप हरियाली और पौधरोपण के का ध्यान रखने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी स्थानों पर प्रवासियों को काम देने को प्राथमिकता बनाएं। मंडलायुक्त रमेश कुमार ने बुधवार को हाईवे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता का ख्याल करने को कहा। उन्होंने फाफामऊ में बनाए जाने वाले छह लेन के पुल, प्रतापगढ़-प्रयागराज मार्ग पर निर्माणाधीन टोल प्लाजा, हंडिया से निकलने वाले हाईवे, मऊआइमा से निकलने वाली रेल ओवर ब्रिज की सड़क, बाईपास से बालसन तक फोरलेन मार्ग समेत अन्य निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी ली।
विभागीय अफसरों से मंडलायुक्त ने कहा कि प्रयागराज में हाईवे से संबंधित जो भी प्रोजेक्ट हैं, उन पर शीघ्रता से कार्य कराया जाए। मुआवजा समेत अन्य मामलों में लोगों से संवाद स्थापित कर समास्याओं का निस्तारण कराकर काम आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों में प्रवासियों को लगाकर उनकी आजीविका का प्रबंध सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पेड़ों की कटाई और पौधरोपण पर हाईकोर्ट के निर्देश पर गठित समिति के निर्देंशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
मंडलायुक्त रमेश कुमार ने ग्राम विकास विभाग और पंचायती राज विभाग की ओर से कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए 3200 स्कूलों के कायाकल्प और पेयजल योजनाओं को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। गांधी सभागार में हुई बैठक में डीपीआरओ ने बताया कि कायाकल्प योजना के अंतर्गत 1100 स्कूलों में काम पूर्णता के करीब है। 1575 स्कूलों में कार्य प्रगति पर है और 400 स्कूलों में जल्द काम शुरू होगा। कमिश्नर ने पाइप्ड योजना के तहत हर घर में नल कनेक्शन देने में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य योजनाओं को लक्ष्य के सापेक्ष पूरा करने को कहा।