प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) 2019 के लिए बृहस्पतिवार को शाम छह बजे तक प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक में कुल मिलाकर 16.04 लाख अभ्यर्थियों की फीस जमा हो गई। सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी अनिल भूषण चतुर्वेदी ने बताया कि शुल्क जमा करने के अंतिम दिन तक कुल 12.006 लाख पंजीकरण और 11.32 ने अंतिम रूप से आवेदन पूरा किया। अभ्यर्थी रात 12 बजे तक शुल्क जमा करने में जुटे रहे।
सचिव परीक्षा नियामक ने बताया कि शुल्क जमा करने और पंजीकरण में वेबसाइट से कोई परेशानी नहीं हुई। बताया कि 22 नवंबर को आवेदन करने वालों के फाइनल प्रिंट डाउनलोड करने के बाद परीक्षार्थियों की सही संख्या का पता चलेगा। रात 12 बजे तक वेबसाइट बंद होने के बाद शुक्रवार को सही आंकड़ा जारी होगा। यूपीटीईटी के लिए आवेदन के अंतिम दिन 21 नवंबर तक कुल पंजीकरण 18 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण करवाए थे, इसमें से 16.04 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने बृहस्पतिवार शाम छह बजे तक शुल्क जमा कर लिया था।
रातभर जागे फिर भी नहीं जमा हुई टीईटी फीस
परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर से टीईटी शुल्क जमा करने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रातभर जागकर आवेदन करते रहे परंतु देर रात तक वह शुल्क जमा नहीं कर सके। एक दिन पहले भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पूरी रात जागकर फीस जमा करने की कोशिश में लगे रहे परंतु सफल नहीं हो सके।