Colonel ganj police station Prayagarj
- फोटो : CITY DESK
कर्नलगंज का मामला, किराया मांगने पर कंडक्टर की पिटाई
प्रयागराज। कर्नलगंज थाने के गेट पर मंगलवार शाम जमकर लात-घूंसे चले। किराया मांगने पर सिटी बस के कंडक्टर की पिटाई कर दी गई। नाराज ड्राइवर ने बस थाने के गेट पर खड़ी कर दी जिसके बाद पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। आननफानन में आरोपी को हिरासत में लिया गया। उधर भुक्तभोगी ने लिखित शिकायत की है।
घटना शाम करीब पांच बजे की है। गोविंदपुर से सिटी बस लेकर तेलियरगंज निवासी कंडक्टर शुभम सिंह बालसन की ओर जा रहा था। लल्ला चुंगी के पास बस पर चढ़े युवकों ने किराया मांगने पर विवाद शुरू कर दिया। विरोध पर गालीगलौच व मारपीट करने लगे। बीचबचाव पर यात्रियों को भी भला बुरा कहते हुए मारपीट शुरू कर दी। जिससे बस में अफरातफरी मच गई। यह देख चालक ने बस को मोड़कर कर्नलगंज थाने के गेट के सामने लाकर खड़ा कर दिया। हालांकि इसके बाद भी आरोपी युवक नहीं रुके और लात-घूंसे चलाते रहे। मारपीट होते देख पुलिसकर्मी दौड़े तो अन्य हमलावर भाग निकले जबकि एक युवक पकड़ लिया गया। मारपीट में कंडक्टर को गर्दन के पास चोटें भी आईं। उसने लिखित तहरीर दी। मामले में देर रात तक रिपोर्ट नहीं दर्ज हुई थी। इस दौरान यात्रियों से भरी सिटी बस करीब आधे घंटे तक थाने के पास खड़ी रही।