इलाहाबाद (ब्यूरो)। सीएमपी डिग्री कालेज में शनिवार को नामांकन पत्रों की बिक्री के साथ परचा दाखिला भी हुआ। पहले दिन 12 दावेदारों ने नामांकन किया। जबकि, 38 छात्रनेता नामांकन पत्र ले गए। हालांकि परिसर में जुलूस प्रतिबंधित रहा, लेकिन छात्रनेताओं ने बाहर चारों तरफ जुलूस निकाला। इसकी वजह से हर तरफ जाम की स्थिति रही। नामांकन के मद्देनजर कालेज परिसर तथा बाहर भारी संख्या में फोर्स तैनात रही। 21 सितंबर को भी नामांकन पत्रों की बिक्री की जाएगी। साथ में नामांकन भी होगा।
नामांकन पत्रों की दिन में 11 से दो बजे के बीच की गई। नामांकन दिन में 12 से तीन बजे के बीच हुआ। सबसे अधिक अध्यक्ष पद के लिए 12 फार्म बिके। इनमें से चार छात्र नेताओं ने नामांकन भी किया। उपाध्यक्ष पद के लिए फार्म ले गए दोनों छात्र नेताओं ने नामांकन किया। महामंत्री के लिए छह फार्म बिके। इनमें से तीन ने नामांकन किया। संयुक्त सचिव के लिए दो फार्म बिके लेकिन नामांकन कोई नहीं हुआ। सांस्कृतिक सचिव पद के तीन फार्म बिके और तीनों छात्र नेताओं ने नामांकन किया। कला संकाय प्रतिनिधि के लिए पांच, वाणिज्य संकाय के लिए तीन, विज्ञान के लिए चार तथा विधि संकाय के लिए एक फार्म बिका। हालांकि संकाय प्रतिनिधि के लिए पहले दिन कोई नामांकन नहीं हुआ।
नामांकन के लिए छात्र जुलूस की शक्ल में कालेज पहुंचे। हालांकि परिसर में जुलूस निकालने की अनुमति नहीं थी। छात्र नेताओं ने परिसर में घूमकर वोट मांगे। इसके विपरीत परिसर के बाहर छात्र नेताओं ने वाहन जुलूस निकाले। जुलूस में दर्जनों चार पहिया वाहन भी शामिल रहे। इससे कालेज के सामने दोनों तरफ नामांकन के दौरान जाम लगा रहा और लोग परेशान हुए। चुनाव अधिकारी डॉ.शशांक चंद्र ने छात्र नेताओं को पोस्टर, बैनर, वाल पेंटिंग आदि हटा लेने का निर्देश दिया है। अन्यथा, आचार संहिता के उल्लंघन में नामांकन भी निरस्त किया जा सकता है।