मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ढाई घंटे की मैराथन बैठक में कुंभ की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की। अफसरों को सभी स्थायी काम 15 दिसंबर तक पूरे कर लेने की मोहलत दी। अस्थायी काम भी 30 दिसंबर तक पूरे कर लेने की हिदायत दी। इसके साथ मुख्यमंत्री ने शहर तथा मेला क्षेत्र में हो रहे कुंभ के कार्यों का निरीक्षण किया तथा तैयारियों का जायजा लिया।
सर्किट हाउस में हुई बैठक में मुख्यमंत्री का लोक निर्माण विभाग, प्रयागराज विकास प्राधिकरण के कार्यों पर अधिक जोर रहा। उन्होंने इन विभागों के एक-एक कार्य की प्रगति देखी। बैठक में मुद्दा उठा कि चौराहों पर हो रहे कार्यों से शहरियों की परेशानी बढ़ गई है। समय से काम पूरा हो पाएगा या नहीं इसे भी लेकर सवाल बना हुआ है। इसके अलावा कई विभाग के अफसरों ने काम पूरा करने के लिए 20 दिसंबर तक की मोहलत मांगी।
इस पर मुख्यमंत्री ने चौराहों तथा सड़कों के डिवाइडर बनाने का काम जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। कुछ को छोड़कर अन्य सभी कार्य 15 दिसंबर तक पूरे करने का निर्देश दिया। इसके लिए उन्होंने मैनपावर दोगुना करने के लिए कहा। बैठक के बाद वह कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ के बेटे के प्रीतिभोज में गए। वहां से निकलने के बाद मुख्यमंत्री ने बालसन चौराहा, बख्शी बांध, मेला क्षेत्र, अंदावा आदि स्थानों पर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। बैठक तथा निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी, विधायक हर्षवर्धन बाजपेई, मंडलायुक्त डॉ.आशीष कुमार गोयल आदि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री शहर की सफाई को लेकर खासे गंभीर थे। उन्होंने नगर निगम के अफसरों से सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न करने की हिदायत दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरियों को भी इस आयोजन में शामिल किया जाए। शहरियों को एहसास दिलाया जाए कि यह उनका आयोजन है और वे अतिथियों के स्वागत के लिए आगे आएं। इसके लिए उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से काम करने की बात कही।
बैठक के बाद मीडिया से मुखातिब मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्य और भव्य कुंभ के लिए एक वर्ष पहले कार्य शुरू किए गए थे। पुल समेत ज्यादातर स्थायी कार्य पूरे हो चुके हैं। इनका लोकार्पण स्वयं प्रधानमंत्री करेंगे। इस आयोजन में पूरी दुनिया के लोग शामिल होंगे। उन्होंने काम की प्रगति पर संतोष जताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 दिसंबर को आएंगे। वह कुंभ के मद्देनजर हुए कार्यों का लोकार्पण करेंगे। मेला क्षेत्र में होने वाले कई अस्थायी कार्यों का शिलान्यास करेंगे।