सीसीटीवी फुटेज से मिले पिस्टल उड़ाने वाले के सुराग
संगम आए पूर्व सांसद के बेटे की गाड़ी से पिस्टल और 41 हजार गायब हुए थे
प्रयागराज। दारागंज स्थित संगम घाट पर पूर्व सांसद प्रदीप यादव के बेटे पुष्पेंद्र कुमार यादव की कार से े पिस्टल व 41 हजार उड़ाने के मामले में पुलिस को प्रशासनिक भवन के पास से एक सीसीटीवी फुटेज मिला है। सूत्र बताते हैं कि पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। दो संदिग्ध उनमें दिखें हैं, उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है।
प्रदीप कुमार यादव इटावा के पूर्व सांसद रह चुके हैं। वह वहां की भरथना विधानसभा सीट से दो बार विधायक भी चुने गए। उनके बेटे पुष्पेंद्र अपने ससुर की अस्थियां विसर्जित करने के लिए मंगलवार सुबह वह इटावा से शहर पहुंचे थे। चार गाड़ियों से सुबह करीब सात बजे सभी लोग दारागंज स्थित कुंभ मेला प्रशासनिक भवन के सामने पहुंचे। इसके बाद गाड़ियां पार्क कर संगम घाट के लिए चल दिए। इस दौरान एक कार का ड्राइवर गाड़ी में ही सो रहा था। अभी 15 मिनट ही बीते होंगे कि तभी ड्राइवर ने फोन कर उन्हें बताया कि एक गाड़ी की पिछली सीट का शीशा टूटा पड़ा है। मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा तो गाड़ी के भीतर रखा ब्रीफकेस गायब था। जिसमें लाइसेंस पिस्टल, 17 कारतूस के अलावा 41500 रुपये व अन्य कागजात आदि थे। सूचना पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। कई लोगों को पकड़ा गया। इंस्पेक्टर दारागंज ने बताया कि प्रशासनिक भवन के पास सीसीटीवी लगा है। उसकी फुटेज से कुछ सुराग मिले हैं। दो संदिग्ध दिख रहे हैं। उनके बारे में पता किया जा रहा है कि वे कौन हैं। सूत्रों के मुताबिक एक व्यक्ति स्थानीय लग रहा है।