जाम नालियों से बढ़ी परेशानी, सफाई कर्मी बेखबर
ग्राम पंचायत रामगढ़ की अहिरान व कुशवाहा बस्ती में पांच वर्षों से बदहाल सफाई व्यवस्था और जाम नालियों से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि नालियों की न तो नियमित सफाई हुई है और न ही मरम्मत। इससे गलियों और घरों के सामने गंदा पानी जमा रहता है। बरसात में समस्या बढ़ने से दुर्गंध, मच्छरों का प्रकोप और संक्रामक बीमारियों का खतरा है। ग्रामीण राजेश सुधाकर, रमाशंकर, पवन, चंद्रिका प्रसाद कुशवाहा और छोटेलाल कुशवाहा सहित अन्य लोगों ने तत्काल सफाई और क्षतिग्रस्त नालियों के पुनर्निर्माण की मांग की। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए नालियों की सफाई, मरम्मत तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाएं कराई जाएगी।
भीरपुर की अहिरान और कुशवाहा बस्ती में सड़क बदहाल
ग्राम पंचायत रामगढ़ की अहिरान और कुशवाहा बस्ती में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी से ग्रामीण नाराज हैं। करीब 20 वर्ष पुराना खड़ंजा जर्जर हो चुका है, जिससे राहगीर अक्सर चोटिल होते हैं। पिछले पांच वर्षों से मार्ग की मरम्मत नहीं हुई है।
जगह-जगह गड्ढे होने से पैदल चलना मुश्किल है, बरसात में दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं, आरोप है कि सफाईकर्मी नियमित नहीं आते जिससे नालियां जाम हैं। पूर्व प्रधान रामजी यादव सहित राजेश, सुधाकर, रमाशंकर, पवन, चंद्रिका प्रसाद कुशवाहा और छोटेलाल कुशवाहा ने प्रशासन से सड़क मरम्मत और सफाई की मांग की है। करछना के खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार ने मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।