मोहाली में बस और कार की टक्कर में दो लोगों की मौत
- फोटो : अमर उजाला
इलाहाबाद। सिविल लाइंस में लोटस अपार्टमेंट के सामने जीटी रोड पर शुक्रवार देर रात बेकाबू ट्रक की टक्कर में बाइक सवार एक छात्र की मौत हो गई। जबकि निजी अस्पताल में भर्ती चचेरा भाई जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। छात्र की मौत से घर कोहराम मचा है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो एक बार फिर माहौल गमगीन हो गया।
राजापुर में गंगानगर के रहने वाले भरत कुमार सिविल लाइंस स्थित टूरिस्ट बंग्लो में कुक हैं। उनका बेटा विकास सिंह उर्फ सूरज (16) रानी रेवती देवी इंटर कॉलेज में दसवीं का छात्र था। शुक्रवार रात वह अपने चचेरे भाई उपेंद्र सिंह (18) के साथ सिविल लाइंस आया था। वह रात लगभग साढ़े 12 बजे घर लौट रहा था। कानपुर रोड पर लोटस अपार्टमेंट के सामने बेकाबू ट्रक टक्कर मारने के बाद हाईकोर्ट की ओर भागा। टक्कर के बाद बाइक सवार सूरज और उपेंद्र छिटक कर सड़क पर गिरे। बाइक ट्रक में फंस गई थी, लेकिन इसके बाद भी चालक ने ट्रक नहीं रोका। हादसे के बाद खबर मिलने पर सिविल लाइंस पुलिस पहुंची। घायलों को एसआरएन अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने सूरज को मृत घोषित कर दिया। अनहोनी की खबर सिविल लाइंस पुलिस ने उसके घरवालों को दी तो रोते बिलखते परिवारीजन पहुंचे। उपेंद्र की हालत नाजुक देखकर एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां उसकी हालत नाजुक बनी है। तीन बहनों के बीच अकेले सूरज की मौत से मां रेखा सिंह और पिता भरत कुमार तो रोते-रोते बेसुध हैं। इकलौते भाई की मौत से बहनों का रोकर बुरा हाल है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद छात्र का शव घर पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया। घर पर जुटे मोहल्ले लोगों, रिश्तेदारों के साथ सूरज के दोस्तों की भी आंखें नम हो गईं। लोग परिवार वालों को दिलासा दे रहे थे लेकिन उनका प्रयास नाकाफी था।
हेलमेट भी नहीं पहना था
इलाहाबाद(ब्यूरो)। सूरज की मौत ने घरवालों को गहरा जख्म दिया है, लेकिन इस घटना से सबक लेने की जरूरत है। विकास उर्फ सूरज नाबालिग था। उसका डीएल भी नहीं बना था और बाइक चलाते समय उसने हेलमेट भी नहीं पहना था। ट्रक से टक्कर के बाद उसके सिर में गहरी चोट आई। जिसका हश्र सबके सामने है। नाबालिग बच्चों को कतई बाइक न दे और बिना हेलमेट बाइक न करे।
मानवीयता की हद तोड़ी ट्रक चालक ने
इलाहाबाद(ब्यूरो)। कानपुर रोड पर बेकाबू ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो छात्र सड़क पर गिरे। बाइक ट्रक में फंस गई लेकिन इसके बाद चालक ने ट्रक नहीं रोका। वह ट्रक लेकर भागने लगा। एकलव्य चौराहे के पास पीसी आठ के पुलिसकर्मी राम प्रकाश श्रीवास्तव और जर्नादन यादव ने सड़क पर ट्रैक्टर खड़ा करवा दिया। तब जाकर चालक ने ट्रक रोका। चालक और खलासी को पकड़कर ट्रक सिविल लाइंस थाने ले जाया गया।