बारादरी घाट पर रविवार शाम को चार दोस्तों के साथ यमुना नदी में नहाने गए आठवीं कक्षा के छात्र वैभव (14) की डूबने से मौत हो गई। वहीं, एक अन्य किशोर को गोताखोरों ने सुरक्षित बाहर निकाला। खोजबीन के बाद पुलिस ने वैभव के शव नदी से निकाला।
खुल्दाबाद के सब्जीमंडी निवासी दीपक केसरवानी बलुआघाट के पास नए मकान में पत्नी शशि के साथ रहते हैं। वैभव उनका इकलौता बेटा था। दीपक छिवकी रेलवे स्टेशन के पास खाने-पीने की दुकान चलाते हैं।
रविवार दोपहर करीब दो बजे वैभव मां से सत्तीचौरा मोहल्ले में भंडारा खाने की बात कहकर निकला था। बाद में वह खुल्दाबाद निवासी अपने तीन दोस्तों के साथ बारादरी घाट पहुंचा। शाम करीब 4:30 बजे तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो खोजबीन शुरू की गई।
इस दौरान परिजनों को यमुना में एक बच्चे की डूबने की सूचना मिली। परिजन घाट पर पहुंचे तो जानकारी की हुई कि चार किशोर यमुना में स्नान करने आए थे। जिसमें से दो बाहर खड़े थे, जबकि दो बच्चे नहा रहे थे। तभी एक बच्चा गहरे पानी में डूब गया, जबकि दूसरे को बचा लिया गया।मौसा अरविंद ने बताया कि पुलिस ने वैभव के शव को शाम करीब 5:45 बजे नदी से बाहर निकाला।
दुकान पर थे पिता
पिता दीपक छिवकी स्थित दुकान पर थे। इसी दौरान उन्हें बेटे की मौत की जानकारी हुई। वह घाट पर पहुंचे और बेटे का शव देख बेसुध हो गए। वैभव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां शशि बेटे से लिपटकर रोती रहीं।
आज होगा शव का पोस्टमार्टम
मुट्ठीगंज थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि स्नान के दौरान वैभव गहरे पानी में चला गया था। खोजबीन के बाद शव को बाहर निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है। सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।