जसरा बाजार में मंगलवार को स्मार्ट मीटर का सर्वे करने आए युवकों ने व्यापारियों के साथ बदसलूकी करते हुए गालीगलौज और मारपीट की। जिसके बाद से व्यापारियों में आक्रोश है। जसरा बाजार में दो दिन से मीटर सर्वे के नाम पर दो दर्जन से अधिक युवाओं की टीम घर-घर घूम रही है। मीटर सर्वेयर घरों में घुसकर वीडियो बनाने लगते हैं। आपत्ति जताने तो धमकी देते हुए जुर्माना लगाने की बात करते हुए गालीगलौज करने लगते हैं।
जसरा व्यापार मंडल के महामंत्री प्रमोद कुमार केसरवानी और संगठन मंत्री जय प्रकाश महाजन ने बताया की पिछले दो दिनों से स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर सर्वेयर घरों और दुकान में जबरदस्ती घुस जा रहे हैं। विरोध करने पर जुर्माना लगाने के साथ मारपीट करने पर आमादा हो जाते हैं। जिससे कारोबार तो प्रभावित हो ही रहा है, व्यापारियों का सम्मान भी खतरे में आ गया है।
मंगलवार को सर्वेयर बिना अनुमति के बाजार की एक महिला की दुकान में घुस गए और वीडियो बनाने लगे। आपत्ति करने पर गालीगलौज करने लगे। जिसके व्यापारी एकत्रित हुए तो सर्वेयर फरार हो गए। वहीं, व्यापारियों ने आक्रोश जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।