कर्नलगंज के सलोरी में आयोजित एक शादी समारोह में शुक्रवार देर रात बवाल हो गया। बिन बुलाए खाना खाने घुसे एक हॉस्टलर को पीटे जाने के बाद हॉस्टलरों ने जमकर उपद्रव किया। मैरिज हाउस में तोड़फोड़ कर आधा दर्जन वाहन व अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिए। साथ ही पथराव भी किया। कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची, तब मामला शांत हुआ। खबर लिखे जाने तक मौके पर पुलिस तैनात रही।
चांदपुर सलोरी निवासी राजकिशोर तिवारी की बेटी की शादी शुक्रवार को ईश्वर शरण चौकी के ठीक बगल स्थित ईश्वर शरण गार्डन से हो रही थी। बारात भीखुपुर जौनपुर से आई थी। शादी का कार्यक्रम चल रहा था। रात करीब 11 बजे गेस्ट हाउस के ठीक सामने स्थित अंबेडकर छात्रावास के तीन छात्र पहुंचे और खाना खाने लगे।
आरोप है कि तीनों ने बारात में शामिल युवतियों से छेड़खानी की, जिसके बाद उन्हें पीट दिया गया। इसकी सूचना हॉस्टल में पहुंची तो वहां से सैकड़ों की संख्या में छात्र आ गए और मैरिज हाउस में बवाल शुरू कर दिया। समारोह में शामिल लोगोें को पीटने के साथ ही वहां तोड़फोड़ कर दी।
कुर्सियों व लाइटों के साथ ही करीब आधा दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए गए। जयमाल के लिए बना स्टेज भी तहस-नहस कर दिया गया। खाने के स्टाल भी पलट दिए गए। दहशत में आए मेहमानों ने गेट बंद करने की कोशिश की तो पत्थर चलाए गए। जिसमें एक बाराती चोटिल भी हुआ। करीब आधे घंटे तक उपद्रव होता रहा। सूचना पर कई थानों की फोर्स और करीब एक दर्जन डायल 100 की गाड़ियां पहुंचीं और छात्रों को हॉस्टल में खदेड़ा तब जाकर स्थिति काबू में आई।