उड्डयन मंत्री ने कहा कि वह आंध्र प्रदेश के हैं। वहां से भी महाकुंभ में काफी लोग आएंगे। कुछ दक्षिण भारतीय लोगों को उत्तर भारत में भाषा की दिक्कत आती है। राज्य सरकार इसके लिए आई हेल्प यू काउंटर खोल रही है। एयरपोर्ट के अंदर भी आई हेल्प यू काउंटर खोलने की बात राज्य सरकार की ओर से कही गई है। मंत्री ने कहा कि यात्री चाहे ट्रेन से आए या विमान से उन्हें हर सुविधा दी जाएगी।
एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का किया निरीक्षण
इसके पूर्व एयरपोर्ट में बनाए जा रहे नए टर्मिनल भवन का नागरिक उड्डयन मंत्री ने निरीक्षण किया। उनके साथ नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव वी. वुलनाम, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के चेयरमैन विपिन कुमार, एएआई के सदस्य (योजना) अनिल कुमार गुप्ता भी रहे। इस दौरान परियोजना से जुड़े अफसरों ने बताया कि एयरपोर्ट में निर्माण कार्य का दो चरण पूरा हो गया है। तीसरे चरण का काम चल रहा है। मंत्री को बताया गया कि एयरपोर्ट में विमानों के पार्किंग वे की सुविधा को चार से बढ़ाकर 15 कर दिया गया है। इसके अलावा वर्तमान टर्मिनल भवन की यात्री क्षमता 350 से बढ़कर 850 हो गई है। साथ ही कार पार्किंग की क्षमता 200 से बढ़ाकर 400 कार की हो गई है।