विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत मंगलवार से पोस्टल बैलेट पेपर के जरिये मतदान शुरू हो गया। पहले दिन इलाहाबाद के 12 विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 381 वोट पड़े। सर्विस वोटरों के लिए प्रयाग संगीत समिति में विधानसभावार बूथ बनाए गए हैं। मतदान की प्रक्रिया 21 फरवरी तक जारी रहेगी। प्रयाग संगीत समिति में मंगलवार से मतदान कार्मिकों के लिए ईवीएम एवं वीवी पैट मशीन का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। प्रशिक्षण में आठ पीठासीन अधिकारी, 20 मतदान अधिकारी प्रथम, 61 मतदान अधिकारी द्वितीय और 35 मतदान अधिकारी तृतीय अनुपस्थित रहे। गैरहाजिर रहे सभी 124 मतदान कार्मिकों का सीडीओ आंद्रा वामसी ने वेतन रोकते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रशिक्षण के दौरान सर्विस वोटरों के लिए मतदान की भी व्यवस्था की गई थी। पहले दिन कुल 381 वोट पड़े। पोस्टल बैलेट पेपर से सर्वाधिक 61 वोट फूलपुर विधानसभा क्षेत्र में पड़े। इसके अलावा मेजा, हंडिया एवं प्रतापपुर में 36-36 वोट, फाफामऊ में 18, सोरांव में 14, करछना में 29, शहर पश्चिमी में 26, शहर उत्तरी में 47, शहर दक्षिणी में 21, बारा में 29 और कोरांव विधानसभा क्षेत्र में 28 वोट पड़े।
प्रभारी अधिकारी पोस्टल बैलेट हुडा केश शर्मा ने बताया कि बुधवार को भी मतदान होगा। सर्विस मतदाता फॉर्म-12 भरकर ड्यूटी स्लिप, वोटर आईकार्ड या 14 विकल्पों में कोई एक, आईडी प्रूफ के साथ मतदान करें। प्रशिक्षण में शामिल होने वाले कार्मिकों को 19 फरवरी तक पोस्टल बैलेट पेपर वितरित किए जाएंगे और कार्मिक को जिस दिन पोस्टल बैलेट पेपर मिलेगा, उसी दिन मतदान करना होगा। 20 फरवरी को चुनाव कार्य में लगे ड्राइवरों, खलासी आदि को पोस्टल बैलेट पेपर से मतदान का मौका दिया जाएगा। 21 फरवरी को पुलिस कर्मी और होमगार्ड्स पोस्टल बैलेट पेपर से मतदान करेंगे। मतदान के बाद पोस्टल बैलेट पेपर प्रतिदिन ट्रेजरी के डबल लॉक में रखे जाएंगे।