फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj News: बचपन का दोस्त बना हत्यारा, घर से बुलाकर सीने में चाकू उतारा

विज्ञापन
विज्ञापन
एक ओर जहां देश में लोग मित्रता दिवस (03 अगस्त) सेलीब्रेट करने की तैयारी कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रयागराज के मेजा क्षेत्र में बचपन के एक दोस्त ने ही दोस्त की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले हुए मामूली विवाद के बाद बृहस्पतिवार को आरोपी दोस्त अपने साथी को घर से बुलाकर ले गया। फिर शराब के नशे में चाकू घोंपकर जान ले ली। मामले में पुलिस ने आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
विज्ञापन

मेजा थानाक्षेत्र के कंजाैली गांव निवासी नागेश्वर नाथ जैसल (27) और आरोपी अवधेश जैसल बचपन के दाेस्त थे। ग्रामीणों की मानें तो गांव में दोनों की दोस्ती के चर्चे हुआ करते थे लेकिन बचपन की दोस्ती मामूली विवाद के बाद कब दुश्मनी में बदल गई, दूसरे को इसका आभास भी नहीं हुआ। तभी तो अवधेश के बुलाने पर नागेश्वर बिना कुछ सोचे उसके साथ चल पड़ा। आरोप है कि बाग में शराब पीने के बाद अवधेश ने दोस्त के सीने में चाकू से कई वार किए। इससे नागेश्वर वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा और दम तोड़ दिया जबकि आरोपी दोस्त माैके से फरार हो गया। बृहस्पतिवार को दोपहर में हुई इस घटना के बाद जब घंटों नागेश्वर घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसे ढूंढ़ने के लिए निकले। इस दाैरान बाग में खून से लथपथ शव देखकर परिजनों के होश उड़ गए। सूचना मिलने पर मेजा एसीपी संत प्रसाद और थानाध्यक्ष राजेश उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद शव को सीएचसी रामनगर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने नागेश्वर को मृत घोषित कर दिया। यमुनापार डीसीपी विवेक चंद्र यादव ने बताया कि घटना में प्रयुक्त चाकू के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि शराब के नशे में दोनों के बीच विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना के पीछे अन्य कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।

दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, गांव में भी मातम
मेजा थानाक्षेत्र के कंजाैली गांव में हुई नागेश्वर की हत्या के बाद गांव में मातम पसरा रहा। वहीं नागेश्वर की पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उसके दो छोटे बच्चों को देखकर सभी के मुंह से एक ही बात निकल रही थी कि मासूमों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें