प्रयागराज। धूमनगंज में बच्चा चोरी के आरोप में एक व्यक्ति को बुरी तरह से मारने एवं अफवाह फैलाने के आरोप में धूमनगंज पुलिस ने लालचंद्र प्रजापति उर्फ अरमान निवासी पिपरी, कौशांबी समेत तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। यह रिपोर्ट डायल-100 में तैनात सिपाही मनीष कुमार सिंह की तहरीर पर दर्ज की गई। तहरीर में कहा गया कि लालचंद्र अपने साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति को बुरी तरह पीट रहा था। अगर पुलिस समय पर न पहुंची तब उसकी पीट-पीटकर हत्या की जा सकती थी।
घर में घुसकर की मारपीट, धमकाया
प्रयागराज। कर्नलगंज निवासी किशोर वार्ष्णेय के घर में घुसकर कुछ लोगों ने गाली गालौच करते हुए मारपीट की। शोर मचाने पर आरोपी जान से मार देने की धमकी देते हुए भाग गए। भुक्तभोगी ने पुलिस को बताया कि पुराना कटरा निवासी आशा वार्ष्णेय, अभिषेक वार्ष्णेय, आकाश वार्ष्णेय कुछ दिन पहले उसके घर में घुस आए और गाली गालौच करने लगे। विरोध करने पर परिजनों के साथ मारपीट की। उन्होंने कर्नलगंज थाने में तीनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।