सर्किट हाउस सभागार में कोविड-19 की रोकथाम एवं प्रबंधन के संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित करने के बाद मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को इस संक्रमण को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने के लिए ज्यादा से ज्यादा टेस्ट कराये जाने का निर्देश दिया है। संवाददाताओं से हुई बातचीत में उन्होंने कहा कि डोर टू डोर सर्विलांस बढ़ाई जा रही है।
डोर-टू-डोर सर्वे कार्यक्रम में जो भी लोेग संदिग्ध मिलें उन्हें नजदीक के टेस्टिंग सेंटर पर ले जाकर उनकी सैंपलिंग करा ली जाए। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रयागराज में बेड की कमी नहीं है। निरंतर बेड बढ़ाए जा रहे हैं। बिना लक्षण वालों को होम आइसोलेशन की सुविधा भी दी जा रही है। कहा कि टेस्टिंग सेंटर में पहले दिन में दो बजे तक ही जांच होती थी उसे अब शाम पांच बजे तक बढ़ाया जाएगा। ताकि ज्यादा से ज्यादा जांच हो। कहा कि कोविड-19 से डरने की जरूरत नहीं है। सिर्फ लोग सावधानी बरतें।
मुख्य सचिव ने कहा कि आज प्रयागराज भ्रमण के दौरान देखा गया कि लोग मास्क पहनने में लापरवाही बरत रहे हैं। पुलिस को निर्देश दिया गया है कि कोई भी व्यक्ति बिना मास्क के बाहर न निकले, इस पर कड़ी नजर रखी जाये। यदि कोई व्यक्ति बिना मास्क के मिले तो ऐसे लोगो के विरूद्ध तत्काल कार्रवाई करें तथा जुर्माने भी वसूला जाए।
इसके पूर्व बैठक में मुख्य सचिव ने कोरोना संक्रमित मरीजों के सम्पर्क में आने वाले लोेगों की कांटेक्ट टेस्टिंग कर प्रत्येक दशा में जांच कराने को कहा। बैठक में मुख्य सचिव को बताया गया कि प्रयागराज में एक हजार से कुछ ज्यादा टेस्टिंग प्रतिदिन हो रही है। बैठक में कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए स्वच्छता, सफाई तथा जनसहभागिता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
सर्विलांस टीम मेडिकल स्क्रीनिंग के कार्य में लाए तेजी
मुख्य सचिव ने सर्विलांस टीम को मेडिकल स्क्रीनिंग का कार्य करते हुए सघन रूप से परीक्षण के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने एल-1, एल-2 एवं एल-3 अस्पताल की व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए वहां पर सभी आवश्यक सुविधाएं चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने को कहा। स्वास्थ्य विभाग सहित कोविड-19 के संक्रमण को रोकने में लगे हुए अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाते हुए कोरोना वायरस के संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कोविड हेल्प डेस्क तथा सर्विलांश टीम के प्रत्येक सदस्यों के पास ऑक्सीमीटर, थर्मो स्कैनर, सैनेटाइजर अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहने के लिए कहा है।
लोगों को करें जागरूक
बैठक में अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अमित मोहन प्रसाद ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि लोगों के अंदर अधिक से अधिक जागरूकता लायी जाये कि वे स्वयं टेस्टिंग सेंटर पर आकर अपना टेस्ट स्वंय करायें, जिससे कि इसके संक्रमण कोे फैलने से रोका जा सके। इस अवसर पर मंडलायुक्त आर. रमेश कुमार, एडीजी जोन-श्री प्रेम प्रकाश, मुख्य सचिव के स्टाप आफिसर पंकज कुमार, आईजी जोन केपी सिंह, डीएम भानु चन्द्र गोस्वामी, एसएसपी अभिषेक दीक्षित, नगर आयुक्त रवि रंजन, पीडीए वीसी टीके शिबु, सीडीओ आशीष कुमार आदि मौजूद रहे।