मुख्यमंत्री कंपोजिट मॉडल विद्यालय का हुआ भूमि पूजन एवं शिलान्यास
क्षेत्र की ग्राम पंचायत डीहा में मुख्यमंत्री कंपोजिट मॉडल विद्यालय का भूमि पूजन और शिलान्यास हुआ। बृहस्पतिवार को करछना विधायक पीयूष रंजन निषाद ने भूमि पूजन किया। विद्यालय के निर्माण से विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
विद्यालय में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। बच्चों के आवागमन के लिए निशुल्क बस सेवा भी उपलब्ध रहेगी। इससे दूर-दराज के गांवों के छात्र-छात्राओं को भी शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा होगी। विद्यालय में आधुनिक सुविधाओं से युक्त छात्रावास व्यवस्था भी होगी। अभिभावकों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी।
इस मौके पर एसडीएम तपन मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी शैलपति यादव, प्रधान प्रतिनिधि दूधनाथ यादव, प्रमोद तिवारी, त्रिवेणी प्रसाद पांडेय, आशीष पांडेय, शिव शंकर दीक्षित, नकुल निषाद अभिषेक त्रिपाठी आदि रहे।