इलाहाबाद। छात्रसंघ चुनाव में छात्रनेता आचार संहिता की जमकर धज्जियां उड़ा रहे हैं। छात्रनेता प्रचार के लिए काफिले में दर्जनों लग्जरी वाहन लेकर चल रहे हैं। पोस्टर और होर्डिंग से पूरा शहर पटा हुआ है। सोमवार को कर्नलगंज पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर छात्रनेताओं के जुलूस में शामिल 26 लग्जरी गाड़ियों को सीज कर ट्रैफिक लाइन भेज दिया। अब तक पुलिस पचास से अधिक वाहनों पर कार्रवाई कर चुकी है। कार्रवाई में तीन हजार से अधिक पोस्टर और होर्डिंग्स पुलिस ने उतरवाई।
सीओ कर्नलगंज डीपी तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने अभियान चलाया। कटरा, लक्ष्मी टॉकीज, बालसन, लल्ला चुंगी और विवि के आसपास के घूम रहे छात्रनेताओं के जुलूस को रोककर लग्जरी वाहनों की जांच-पड़ताल की। जिन वाहनों पर काली फिल्म, बिना नंबर प्लेट, कागजात न दिखाने और पोस्टर-बैनर लगा होने पर सीज कर दिया गया। छात्रनेताओं और उनके समर्थकों की पुलिस से इस दौरान तीखी नोंकझोंक भी हुई। कुछ छात्रनेता और उनके समर्थकों ने हंगामे का प्रयास किया लेकिन भारी पुलिस बल होने के चलते उनकी एक नहीं चली। पुलिस ने विवि के आसपास सड़कों और दीवारों पर होर्डिंग्स, बैनर और पोस्टर भी हटवाए।